भारत में अलग-अलग धर्मों के लोग रहते हैं. बहुत से परिवार और समाज आज भी ऐसे हैं जो धर्म और जात-पात को मानते हैं. वहीं अगर बात करें हमारी भारतीय टीम की तो यहां भी अलग-अलग धर्मों के लोग एक साथ मिलकर अपने देश के लिए खेलते हैं. वहीं इस भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिन्होंने धर्म से ऊपर उठकर प्यार का दामन थामा और दूसरे धर्म की लड़की से साथ जीने मरने की कसमें खाईं आइए जानते हैं कौन हैं वो क्रिकेटर जिन्हें प्यार निभाने के लिए धर्म की बेड़ियां भी ना रोक पाईं-
मंसूर अली खान पटौदी और शर्मिला टैगोर
भारतीय क्रिकेट इतिहास में पूर्व दिग्गज कप्तान मंसूर अली खान पटौदी और बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्मिला टेगौर की जोड़ी बड़ी खास रही है. मंसूर अली ने धर्म की आड़ को तोड़कर हिंदू-बंगाली लड़की शर्मिला टैगोर को अपना जीवनसाथी बनाया और ये जोड़ी सुपरहिट साबित हुई. दोनों की मुलाकात 1965 में दिल्ली में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी. एक फिल्म की शूटिंग के लिए शर्मिला दिल्ली आई थीं और मंसूर भी दिल्ली में थे. मिलने के कुछ दिनों के बाद मंसूर ने शर्मिला को एक रेफ्रिजरेटर गिफ्ट किया था, जो उस समय बड़ी बात थी. मुलाकात के समय दोनों अपने-अपने करियर के शीर्ष पर थे. मंसूर तब टीम इंडिया के सबसे युवा कप्तान बने थे और शर्मिला एक के बाद एक हिट फिल्में दे रही थीं. बिजी शेड्यूल के बाद भी दोनों लगातार एक-दूसरे से मिलते रहते थे. लगातार चार साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 27 दिसंबर, 1969 को दोनों ने शादी कर ली. हालांकि, शादी आसानी से नहीं हुई थी. मंसूर मुस्लिम शाही परिवार के नवाब थे और शर्मिला मध्यम वर्गीय बंगाली परिवार से आईं अभिनेत्री. पटौदी परिवार नहीं चाहता था कि उनके बेटे की शादी किसी फिल्म एक्ट्रेस से हो. उधर शर्मिला का परिवार भी राजी नहीं था। रूठने-मनाने के बाद दोनों की शादी संभव हो सकी.
मोहम्मद कैफ और पूजा यादव
भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने मैदान पर कई रिकॉर्ड बनाए. मोहम्मद कैफ की इंग्लैंड में भारत को साल 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका रही थी. उस नेटवेस्ट ट्रॉफी ने भारतीय क्रिकेट की तस्वीर भी बदली. मोहम्मद कैफ का करियर लंबा तो नहीं चल सका, लेकिन उन्हें एक हिंदू लड़की से प्यार हुआ. कैफ और उनकी पत्नी पूजा यादव की लव स्टोरी दिलचस्प है. कैफ को नोएडा की रहने वाली जर्नलिस्ट पूजा यादव से प्यार हो गया था. दोनों अलग-अलग धर्म के थे. फिर भी एक-दूसरे से शादी की. मोहम्मद कैफ की लव स्टोरी छोटी और खूबसूरत है. मोहम्मद कैफ और पूजा यादव कुछ म्युचल फ्रेंड्स के जरिये 2007 में एक पार्टी में मिले थे. पूजा उस वक्त एक इवेंट मैनेजमेंट फर्म में काम करती थीं. पूजा और कैफ ने अपनी पहली मुलाकात में ही एक जुड़ाव महसूस किया और इसलिए उन्होंने एक-दूसरे के संपर्क में रहने का फैसला किया. कुछ ही समय बाद दोनों अक्सर साथ में बाहर जाने लगे. जिसके बाद मोहम्मद कैफ ने साल 2011 में पूजा यादव से विवाह कर लिया. मोहम्मद कैफ औ पूजा के दो बच्चे हैं. कैफ के बड़े बेटे का जन्म 28 फरवरी 2012 में हुआ. कैफ ने अपने बेटे को कबीर नाम दिया. इसके बाद अप्रैल 2017 में कैफ और पूजा के घर नन्ही परी आई. पूजा और कैफ ने अपनी बेटी को इवा नाम दिया है.
जहीर खान और सागरिका घाटगे
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने धर्म से आगे निकलते हुए हिंदू लड़की को अपना जीवनसाथी चुना. जहीर खान ने बॉलीवुड एक्ट्रेस सागरिका घाटगे के साथ साल 2017 में निकाह किया. सागरिका घाटगे बॉलीवुड फिल्म ‘चक दे इंडिया’ में काम कर चुकी हैं. आपको बता दें कि सागरिका घाटगे एक शाही खानदान से ताल्लुक रखती हैं, वो कोल्हापुर के शाही खानदान से हैं सागरिका घाटगे के पिता विजय घाटगे फिल्म इंडस्ट्री से ताल्लुक रखते थे. सागरिका और जहीर की पहली मुलाकात अंगद बेदी के जरिए एक इवेंट में हुई थी, जहीर तो सागरिका को देखते ही दिल हार बैठे थे, दोनों के बीच दोस्ती हुई जो कि बहुत जल्द प्यार में बदल गईं.
मोहम्मद अजहरुद्दीन और संगीता बिजलानी
भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन की बात करें तो इन्होंने वैसे तो अपनी पहली शादी नौरिन नाम की लड़की के साथ की, लेकिन नौरिन के साथ साल 1996 में तलाक हो गया. इसके बाद अजहरूद्दीन ने बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी के साथ दूसरी शादी की. संगीता बिजलानी के साथ अजहरुद्दीन ने धर्म को नहीं देखने हुए अपना बनाया था. संगीता के साथ भी अजहर का रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला.
अजीत अगरकर और फातिमा
अजीत आगरकर का जन्म एक मराठी पंडित परिवार में हुआ था और ऐसे में उन्हें फातिमा से शादी करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी. दोनों के परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन दोनों ने किसी परवाह किए बगैर 9 फरवरी 2002 को शादी कर ली. अजीत और फातिमा का एक बेटा है जिसका नाम राज है. अगरकर ने भारतीय टीम के लिए 26 टेस्ट मैचों में 58 विकेट, 191 वनडे मैचों में 288 विकेट जबकि 4 टी20 मैचों में 3 विकेट हासिल किए हैं.
युवराज सिंह और हेजल कीच
युवराज सिंह ने भारतीय क्रिकेट के लिए बेहतरीन योगदान दिया है. युवराज सिंह ने भारत को साल 2007 का टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 का क्रिकेट वर्ल्ड कप दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. युवराज सिंह ने धर्म से ऊपर उठते हुए सिख धर्म के होने के बाद भी ईसाई लड़की और एक्ट्रेस हेजल कीच के साथ शादी की. युवराज और हेजल ने 2016 में शादी की. इसके करीब 6 साल बाद हेजल ने बच्चे को जन्म दिया. युवी और हेजल ने अपने बेटे का नाम ओरियन रखा है. ओरियन का जन्म 2022 में हुआ था.
दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को पहली शादी में झटका मिला. पहली पत्नी निकिता से तलाक होने के बाद दिनेश कार्तिक ने ईसाई धर्म से नाता रखने वाली स्क्वॉश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल को हमसफर बनाया. दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल ने साल 2013 में सगाई की और दो साल बाद साल 2015 में शादी कर ली.सगाई के दो साल बाद 18 अगस्त, 2015 में दिनेश और दीपिका ने शादी कर हमेशा-हमेशा के लिए एक दूसरे का हाथ थाम लिया. दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल दो जुड़वां बेटों के माता-पिता हैं.