भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर है. जहां 27 जुलाई से टी20 सीरीज का आगाज होना है. इस सीरीज के तीनों मैच पल्लेकेले में खेले जाएंगे. वहीं ये सीरीज टीम इंडिया से लेकर फैंस तक सभी के लिए बेहद खास होने वाली है. इस सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया की जर्सी में एक बड़ा बदलाव हुआ है. इस सीरीज में ब्लू ब्रिगेड नई जर्सी के साथ मैदान पर उतरने वाली है. ये जर्सी बेहद ही खास होगी क्योंकि इसे हासिल करने के लिए विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों ने खून-पसीना एक किया है.
विराट और रोहित नहीं पहन पाएंगे नई जर्सी
टी20 सीरीज के दौरान जब भारतीय टीम मैदान में उतरेगी तो सबकी नजरें केवल भारतीय धुरंधरों पर ही रहने वाली हैं. दरअसल श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज के दौरान भारतीय खिलाड़ियों के तन पर नई स्पेशल जर्सी शोभा दे रही होगी. ये जर्सी इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इसमें एक नहीं बल्कि दो स्टार लगे हैं. जो कि साफ करते हैं कि टीम ने दो बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव अपने नाम किया है. 29 जून को दोबारा वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद इस जर्सी में ये अहम बदलाव किया गया है. वहीं अफसोस की बात बस इतनी सी है कि इस जर्सी को पाने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले विराट और रोहित इसको कभी नहीं पहन पाएंगे. जिसका कारण है कि दोनों ही बेहतरीन खिलाड़ियों ने टी20 फॉर्मेट से अलविदा जो कह दिया है.
नया कप्तान, नया कोच, नई शुरुआत के साथ नया आगाज
टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद रोहित शर्मा के संन्यास के साथ ही टीम इंडिया का कप्तान भी बदल गया है. अब सूर्यकुमार यादव के हाथों में टीम इंडिया की कमान है. वहीं शुभमन गिल उप-कप्तान बनाए गए हैं. हार्दिक पंड्या अपनी खराब फिटनेस की वजह से कप्तान नहीं बन पाए. भारत-श्रीलंका का पहला टी20 मैच 27 जुलाई को खेला जाएगा. दूसरा टी20 मैच 28 जुलाई और तीसरा टी20 मुकाबला 29 जुलाई को होगा. तीनों ही मुकाबले पल्लेकेले में खेले जाएंगे. इसके बाद वनडे सीरीज कोलंबो में होगी जिसका पहला मैच 2 अगस्त से होगा. दूसरा वनडे 4 अगस्त और तीसरा वनडे 7 अगस्त को खेला जाएगा.