चाहें कोई भी फील्ड क्यों ना हो अक्सर किसी ना किसी से मनमुटाव हो ही जाता है. वहीं अगर वो शख्स हमसे ऊंचे ओहदे पर है तो हम उसका कुछ बिगाड़ भी नहीं पाते हैं. वहीं कुछ लोग ऐसे होते हैं जो वक्त के साथ उन बातों को भुला देते हैं तो कुछ ऐसे होते हैं जो इसका बदला लेते हैं. फिर चाहें सामने वो ही शख्स हो या उसका कोई फेवरेट इंसान. ऐसा कुछ हुआ है क्रिकेट की दुनिया में भी. जहां एमएस धोनी का बदला अब गौतम टीम इंडिया का हेड कोच बनकर खिलाड़ियों से ले रहे हैं. अरे ऐसा हम नहीं बल्कि फैंस कह रहे हैं.
श्रीलंका दौरे के लिए टीम का ऐलान होते ही विवादों में फंसे गंभीर
गौतम गंभीर और एमएस धोनी के बीच की तकरार तो जगजाहिर है. 2007 टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप में मिलकर भारतीय टीम को चैंपियन बनाने वाले दोनों दिग्गज की तकरार एक बार फिर से चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है. जिसका कारण हैं भारत का श्रीलंका दौरा, जिसके लिए टीम चुनी जा चुकी है. बतौर हेड कोच पहली बार भारतीय स्क्वॉड चुनने के साथ ही गौतम गंभीर विवादों में फंस चुके हैं. 18 जुलाई की रात श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टी-20 और वनडे टीम की घोषणा की गई. रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद हार्दिक पंड्या की जगह सूर्यकुमार यादव टी-20 टीम के नए कप्तान चुन लिए गए हैं. इसके अलावा रुतुराज गायकवाड़, रविंद्र जडेजा सरीखे दिग्गजों को बाहर करने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. इंटरनेट पर फैंस गौतम गंभीर पर मनमानी करने का आरोप लगा रहे हैं. इतना ही नहीं कुछ लोग तो ये तक कहने से भी नहीं चूके कि गंभीर जानबूझकर उन लोगों का पत्ता काट रहे हैं, जिनके पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से अच्छे रिश्ते हैं.
गायकवाड और अभिषेक को नहीं मिली टीम में जगह
गौतम गंभीर ने जिन खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया है. उस लिस्ट में पहला नाम रुतुराज गायकवाड़ का है. रुतुराज गायकवाड़ को महेंद्र सिंह धोनी का बेहद करीबी माना जाता है. आईपीएल में धोनी ने गायकवाड़ को अपनी कप्तानी में ग्रूम किया. अब गायकवाड़ चेन्नई सुपरकिंग्स के नए कप्तान हैं. वर्ल्ड कप के ठीक बाद जिम्बाब्वे दौरे पर महाराष्ट्र के इस ओपनर ने 7, 77* और 49 रन की पारी खेली थी. इसी तरह जिम्बाब्वे दौरे पर टी-20 में 46 गेंद में शतक बनाने वाले अभिषेक शर्मा टीम में जगह नहीं बना पाए, क्योंकि तीसरे नंबर पर उनके लिए कोई जगह नहीं है जहां कप्तान खुद बल्लेबाजी करेंगे.
जडेजा का पत्ता भी हुआ साफ
वहीं इस लिस्ट में दूसरा नाम रविंद्र जडेजा का है. धोनी और जडेजा की जुगलबंदी भी किसी से छिपी नहीं है. दोनों आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के दो सबसे मजबूत आधार स्तंभ हैं. टी-20 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास लेने वाले जडेजा वनडे टीम से बाहर हैं. सूत्रों की मानें तो जडेजा नए हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के प्लान का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में अब उनके पास सिर्फ टेस्ट क्रिकेट ही बचा है.
मजबूरी में दी गई पांड्या को टीम में जगह!
टीम इंडिया में महेंद्र सिंह धोनी के सबसे खास लोगों में हार्दिक पांड्या का नाम भी शामिल है. पांड्या और धोनी मैदान के भीतर और बाहर दोनों ही जगहों पर खास बॉन्ड शेयर करते हैं. इस बीच गौतम गंभीर के पद संभालते ही पांड्या की कप्तानी छीनकर सूर्या को थमा देना भी इस विवाद को हवा देता है. कप्तानी गंवाने वाले पांड्या को टी-20 टीम में जगह मिली है, लेकिन निजी कारणों से उन्होंने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में नहीं खेलने का फैसला किया है. दूसरी ओर रियान पराग को टी-20 और वनडे दोनों टीम में जगह मिली है.