ऐसा लगता है कि साल 2024 भारतीय जनता पार्टी के लिए झटकों वाला साल है. लोकसभा में तो पहले ही भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत गंवा चुकी है. वहीं अब राज्यसभा में भी बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है. दरअसल शनिवार को केंद्र सरकार की तरफ से नामित चार सांसदों का कार्यकाल खत्म हो गया था. जिसके बाद राज्यसभा में बीजेपी सांसदों की संख्या घटकर 86 हो गई है. इससे अब NDA के पास ऊपरी सदन में 101 सांसदों की ताकत है, जो कि बहुमत से काफी कम है. राज्यसभा में फिलहाल 226 सदस्य हैं जिसमें बीजेपी के 86, कांग्रेस के 26 और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 13 सदस्य हैं. राज्यसभा की 226 सीटों में बहुमत का आंकड़ा 113 है और NDA के पास बहुमत के आंकड़े से 12 सीटें कम है. चुनाव आयोग ने अभी तक सदस्यों के इस्तीफे से रिक्त हुई 11 सीटों को भरने के लिए चुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की है.
सदस्यों के रिटायरमेंट से बढ़ी बीजेपी की मुश्किलें
मनोनीत सदस्य जो सेवानिवृत्त हुए हैं उनमें राकेश सिन्हा, राम शकल, सोनल मानसिंह और महेश जेठमलानी शामिल हैं. राज्यसभा में मनोनीत होने के बाद इन नेताओं ने औपचारिक रूप से बीजेपी का साथ दिया था. इन सदस्यों के रिटायरमेंट के बाद माना जा रहा है कि बीजेपी को महत्वूर्ण बिल सदन से पास कराने में दिक्कत हो सकती है लेकिन बीजेपी को अपने सहयोगियों पर भरोसा है और मनोनीत सदस्यों की जल्द भरपाई भी की जा सकती है. वहीं 7 मनोनीत सदस्यों ने किसी भी दल की सदस्यता नहीं ली हुई यानी वे असंबद्ध सदस्य हैं. बता दें कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में अधिकाधिक 250 सदस्य हो सकते हैं. इनमें 238 सदस्य राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों के प्रतिनिधि हो सकते हैं और केंद्र सरकार की सिफारिश पर 12 सदस्यों को देश के राष्ट्रपति द्वारा नामांकित किया जाता है.
राज्यसभा में अभी 19 सीटें खाली
राज्यसभा में जो 19 सीटें अभी खाली हैं, उनमें जम्मू-कश्मीर से 4 और नामित सदस्यों की 4 सीटें हैं. वहीं बाकी की 11 सीटें अलग-अलग राज्यों से हैं, जिसमें असम, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश,राजस्थान और त्रिपुरा हैं. इनमें से 10 सीटें राज्यसभा सांसदों के लोकसभा चुनाव लड़ने और जीतने के कारण खाली हुई हैं. एक सीट भारत राष्ट्र समिति नेता के कांग्रेस में जाने से खाली हुई है. BRS नेता रहे के केशव राव कांग्रेस में शामिल हो गए. चुनाव आयोग ने अभी तक इन सीटों पर इलेक्शन की तारीखों का ऐलान नहीं किया है.