T-20 वर्ल्ड कप में बेंच पर बैठे-बैठे भी ये खिलाड़ी बन गए करोड़पति, जानें BCCI के 125 करोड़ में किसे क्या मिला ?

टी20 विश्व कप 2024 की चैंपियन भारतीय टीम को BCCI ने भारी भरकम इनामी राशि का चेक तो सौंप दिया. मगर अब हर ओर इसी बात की चर्चा है कि इस इनामी राशि का वितरण कैसे होगा. क्रिकेट प्रेमी जानने को बेताब हैं कि इस इनामी राशि में से किसके हिस्से में कितनी राशि जाएगी. वहीं प्राइज मनी का बंटवारा टीम के खिलाड़ियों के साथ-साथ सपोर्टिंग स्टाफ और सेलेक्टर्स में भी बांटा जाएगा.एक रिपोर्ट के मुताबिक 125 करोड़ रुपये में से सभी 15 खिलाड़ियों को 5-5 करोड़ रुपये मिलेंगे. ऐसे में यह साफ है कि बेंच पर बैठने वाले तीनों खिलाड़ियों यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन और युजवेंद्र चहल को भी खेलने वाले खिलाड़ियों के समान ही राशि वितरित की जाएगी.

टीम के सहयोगी स्टाफ को भी मिलेगी इनामी राशि

वहीं बीसीसीआई की इनाम राशि में से मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर, फील्डिंग कोच टी दिलीप, गेंदबाजी कोच पारस महाम्ब्रे को 2.5-2.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा टीम के चेयरमैन अजीत अगरकर सहित वरिष्ठ चयन समिति के पांच सदस्यों को 1-1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. खिलाड़ी, कोच के अलावा बाकी बैकरूम स्टाफ को भी पुरस्कृत किया जाएगा. तीन फिजियोथेरेपिस्ट, तीन थ्रोडाउन विशेषज्ञ, दो मालिश करने वाले और स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच को भी इनाम राशि मिलेगी.

रिजर्व खिलाड़ियों को 1-1 करोड़ की इनामी राशि

रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में यात्रा करने वाले 4 बल्लेबाज रिंकू सिंह और शुभमन गिल, तेज गेंदबाज आवेश खान और खलील अहमद भी 1-1 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी. विश्व कप के लिए यात्रा करने वाले भारतीय दल में कुल 42 लोग थे. रिपोर्ट की मानें तो टीम के वीडियो विश्लेषक, मीडिया अधिकारियों सहित टीम के साथ यात्रा करने वाले बीसीसीआई स्टाफ सदस्य और टीम के लॉजिस्टिक मैनेजर को भी पुरस्कृत किया जाएगा.

The Hindi Post
Author: The Hindi Post