टीम इंडिया को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल BCCI जल्द ही टीम के नए हेड कोच का ऐलान करने वाली है. कयास लगाए जा रहे हैं कि अब गौतम गंभीर के हाथों में टीम की कमान हो सकती है. फिलहाल अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. साथ ही गौतम गंभीर के साथ टीम में तीन और नए कोच आने वाले हैं. जिसके लिए बीसीसीआई जल्द ही एप्लिकेशन जारी करने वाली है.टीम के नए कोच की तलाश इसलिए हो रही है क्योंकि टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के साथ ही सिर्फ राहुल द्रविड़ ही नहीं, बल्कि उनके तीनों सपोर्टिंग स्टाफ का कार्यकाल भी खत्म हो गया, जिनकी जगह भरने के लिए बीसीसीआई ये ऐलान करेगा. बता दें कि द्रविड़ ने वर्ल्ड कप से पहले ही ये साफ कर दिया था कि वो इस टूर्नामेंट के बाद टीम इंडिया के कोच नहीं रहेंगे. वैसे भी द्रविड़ का कार्यकाल पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के साथ ही खत्म हो गया था लेकिन तब रोहित शर्मा के कहने पर उन्हें टी20 वर्ल्ड कप तक बरकरार रखा गया था.
नए हेड कोच को सपोर्ट स्टाफ चुनने की मिलेगी आजादी
इसके साथ ही ये दावा भी किया गया है कि गंभीर के कोच बनने की स्थिति में उन्हें अपना सपोर्ट स्टाफ चुनने की आजादी होगी. टीम इंडिया फिलहाल जिम्बाब्वे दौरे पर है, जहां नेशनल क्रिकेट एकेडमी के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण और उनके साथ असिस्टेंट कोच टीम इंडिया का हिस्सा हैं. इस दौरे के बाद भारतीय टीम श्रीलंका जाएगी, जहां टी20 और वनडे सीरीज खेली जाएगी. बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि इस दौरे से ही टीम इंडिया का नया हेड कोच अपना काम काज संभालेगा.
जल्द ही सपोर्ट स्टाफ के लिए भी एप्लिकेशन होगा जारी
हर बार हेड कोच के साथ ही सपोर्टिंग स्टाफ का भी कार्यकाल खत्म हो जाता है. उसी तरह हर बार की तरह इस बार भी हेड कोच के साथ ही उसके सपोर्ट स्टाफ यानी बैटिंग कोच, बॉलिंग कोच और फील्डिंग कोच का कार्यकाल भी खत्म हो जाएगा. मौजूदा कोचिंग सेटअप में द्रविड़ का साथ देने के लिए बैटिंग कोच विक्रम राठौड़, बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच टी दिलीप हैं. द्रविड़ की तरह ही इन तीनों को भी टी20 वर्ल्ड कप तक एक्सटेंशन दिया गया था. जल्द ही बीसीसीआई सपोर्ट स्टाफ के लिए भी एप्लिकेशन जारी करेगी. जैसा कि बीसीसीआई की नीति रही है, मौजूदा कोच भी दोबारा आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, फिलहाल ये साफ नहीं है कि मौजूदा कोचिंग स्टाफ दोबारा अप्लाय करेगा या नहीं.