देश भर में जहां एक ओर बारिश ने लोगों को गर्मी के सितम से राहत दी है. तो वहीं बारिश के कारण सब्जियों के बढ़ते दामों ने लोगों की जेब ढ़ीली कर दी है. लगातार हो रही बारिश से सब्जियों के दाम आसमान पर पहुंच गए हैं. उत्तर प्रदेश, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, उत्तराखंड जैसे राज्यों में भारी बारिश से फसलों और सब्जियों का बड़ा नुकसान हुआ है. बारिश के कारण खेत में ही सब्जियां सड़ रही हैं. इसके चलते दिल्ली-NCR की मंडियों में सब्जियों की आवक कम हुई हैं. मंडियों में सप्लाई कम होने से सब्जियों की कीमत एक हफ्ते में आसमान पर पहुंच गई है. पिछले महीने आलू, प्याज ने लोगों को रुलाया तो अब टमाटर ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है. टमाटर के दामों में 58 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हो गई है. महानगरों की बात करें तो यहां एक किलो टमाटर की कीमत 2 लीटर पेट्रोल के दाम के बराबर हो रही है. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि बीते साल की तरह ही इस बार भी टमाटर 200 रुपये के पार पहुंच सकता है.
खेतों में पानी भरने से फसल का नुकसान
किसानों की मानें तो लगातार भारी बारिश के चलते खेत में पानी भर गया है. इससे सब्जियों की फसल का नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण मंडियों में आवक कम हो गई है. मंडियों में सप्लाई कम होने से कीमत तेजी से बढ़ी है. वहीं व्यापारियों का कहना है कि अक्टूबर तक प्याज की कीमतें ऊंची रहने की उम्मीद है. इसके साथ ही बारिश के कारण बेंगलुरू और नासिक से आने वाले टमाटर की आपूर्ति बाधित होने से कीमतों में इजाफा हुआ है.
आलू-प्याज के साथ अन्य सब्जियों के भी बढ़े भाव
बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी अब बिना प्याज-टमाटर की सब्जी खाने को मजबूर हो गया है. बता दें की 2 जुलाई 2024 को देशभर में प्याज की रिटेल कीमत 42.46 रुपये थी. जबकि पिछले महीने यानी जून में एक किलो प्याज की कीमत 32.39 रुपये रुपये था. ऐसे में एक महीने के अंदर प्याज की कीमतों में 31.09 फीसदी का उछाल आया है. पिछले साल की तुलना में प्याज की कीमतों में 69.57 फीसदी का उछाल आया है. वहीं अगर आलू की बात करें, तो 3 जुलाई 2024 को देश में आलू के रिटेल रेट 34.65 रुपये थे. 3 जून 2024 को आलू के दाम 29.97 रुपये प्रति किलो थे. पिछले महीने की तुलना में आलू की कीमतों में 15.3 फीसदी का उछाल आया है. इसके साथ ही अन्य सब्जियों के दामों में भी इजाफा हुआ है. लहसुन 180 से 200, अदरख 175 से 200, हरी धनिया -180 से 200, शिमला मिर्च 120 से 130, नींबू 150 से 200, हरी मिर्च 80 से 100 रुपये तक पहुंच गए हैं.