कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का लोगों से मिलने और सभाएं करने का दौर जारी है. राहुल गांधी की लगातार सभाओं और मुलाकातों से ऐसा लग रहा है कि राहुल लोकसभा चुनावों में की गई मेहनत को बेकार नहीं जाने देना चाहते हैं. लगातार लोगों के बीच जाकर और पीएम मोदी और सरकार पर हमले बोलकर अगले विधानसभा चुनावों की नींव मजबूत करने में लगे हुए हैं. जहां राहुल गांधी शुक्रवार को हाथरस सत्संग पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंचे थे तो वहीं आज शनिवार को राहुल गांधी गुजरात दौरे पर हैं. जहां उन्होंने एक बार फिर पीएम मोदी और केंद्र सरकार को खरी- खरी सुनाई है.
आडवाणी को रथयात्रा में रथ पर देखा था- राहुल
इस दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी नेता लाल कृष्ण आडवाणी का जिक्र किया. राहुल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपने बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी को रथयात्रा में रथ पर देखा था, मोदी ने मदद की थी ये कहा जाता है. मैं पार्लियामेंट में सोच रहा था कि राम मंदिर के कार्यक्रम में अडानी-अंबानी दिखे, लेकिन गरीब नहीं दिखे.बीजेपी की राजनीति अयोध्या पर केंद्रित थी, उन्होंने भगवान राम को राजनीतिक मुद्दा बनाया. मैंने अयोध्या के सांसद से ये पूछा कि ये क्या हुआ? राम मंदिर के बावजूद इंडिया गठबंधन अयोध्या में जीता गया.
“काशी में एक लाख वोटों से जान बचाकर निकले मोदी”
राहुल में आगे यह कहा कि अयोध्या के सांसद ने मुझसे कहा कि मुझे पता था कि मैं अयोध्या से लड़ूंगा और जीतूंगा. राम मंदिर से भाजपा ने अपनी राजनीति की शुरुआत की, पर अयोध्या में हार गए. चुनाव से पहले राम भगवान से राजनीति करने की कोशिश की और अयोध्या मे इंडिया ब्लॉक जीत गया. मुझे बताया गया कि अयोध्या में मंदिर बनाने के लिए बहुत लोगों से जमीन ली गई, लोगों की दुकानें तोड़ी और उन्हें मुआवजा नहीं मिला. अयोध्या पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना, किसानों की जमीन गई, सही मुआवजा नहीं मिला.अयोध्या की जनता को गुस्सा आया कि राम मंदिर के उद्घाटन में अयोध्या का कोई नहीं था. इंडिया गठबंधन ने इनके गढ़ में इन्हें हरा दिया. सपा के नेताओं को पूछो वहा हमारे कार्यकर्ता शेर बनकर खड़े थे. अयोध्या में उन्हें हमने हराया है. इसके साथ ही राहुल गांधी ने दावा किया है कि अंदर की बात बताता हूं, अयोध्या के एमपी ने मुझे कहा अयोध्या में तीन सर्वे हुए थे, मोदी अयोध्या से लड़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें कहा गया था कि अयोध्या से लड़े तो हारोगे और राजनीतिक करियर खत्म हो जाएगा. काशी में एक लाख वोटों से जान बचाकर निकले हैं.
‘विधानसभा चुनाव में गुजरात में बीजेपी हारने जा रही’
राहुल गांधी ने अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि इस बार हम गुजरात के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हरा देंगे, ये लिख कर ले लो. ये अभय मुद्रा आपका चिह्न है, आप अलग-अलग धर्म के लोग हैं, हर धर्म में यह चिह्न है. गुरु नानक, महावीर, इस्लाम, दो हाथ से दुवा मांगी जाती है, इसका मतलब डरो मत, डराओ मत. इन्होंने हमारे ऑफिस पर हमला किया, हमें चैलेंज किया लिखकर ले लो हम इन्हें यहां से हराने जा रहे हैं. आप क्या सोच सकते थे कि अयोध्या में बीजेपी हारेगी? नरेंद्र मोदी काशी से जान बचाकर निकलेंगे? सोचा था?