T20 World Cup: टीम इंडिया के स्वागत में बिछ गए रेड कारपेट, दिल्ली में PM मोदी से मुलाकात तो ‘मायानगरी’ में कर दिया BCCI ने ये तगड़ा इंतजाम

जीत का परचम लहराने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने वतन वापसी की उड़ान भर दी है, जिसको लेकर अभी से भव्य तैयारी की जा रही है, रोहित सेना के स्वागत में एक ओर जहां 150 करोड़ देशवासी पलकें बिछाकर इंतजार कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर BCCI ने भी टीम इंडिया को ऐसा तोहफा देने की ठान ली है जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं होगा, दरअसल टीम इंडिया तड़के सुबह दिल्ली पहुंच रही है जिसके बाद 11 बजे सभी खिलाड़ियों की PM मोदी से मुलाकात होगी, जहां भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.

खुले आसमान के नीचे बस से घूमेंगे चैंपियन

इसके बाद टीम मुंबई के लिए उड़ान भरेगी जहां उनके सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित होगा. 17 साल बाद फिर से टीम इंडिया उसी तरह से मुंबई की सड़कों पर खुली बस में घूमेगी जैसे 2007 में धोनी की कप्तानी में पहला टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम घूमी थी. इसके लिए सारी तैयारियां की जा रही है. रिपोर्ट्स की मानें तो नरीमन प्वाइंट से खुली बस में रोड शो कराया जाएगा और वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जायेगा. जहां खिलाड़ियों को घोषित 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी.

‘बाहुबली’ से लौट रहे खिलाड़ी अपने वतन

बता दें जिस विमान से टीम इंडिया स्वदेश लौट रही है वो बेहद ही खास है. विमान में भारतीय टीम, उसका सहयोगी स्टाफ, खिलाड़ियों के परिवार और कुछ BCCI के अधिकारी और मीडिया के कुछ मेंबर सवार हैं. इस विशेष उड़ान का इंतजाम BCCI ने किया है. जिसका नाम बाहुबली है. इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा है कि टीम BCCI द्वारा मुहैया कराई गयी एयर इंडिया के विशेष विमान से बारबाडोस से रवाना हो गई. बारबाडोस में फंसे भारतीय पत्रकार भी BCCI अध्यक्ष (रोजर बिन्नी) और सचिव (जय शाह) के साथ इसी फ्लाइट में आ रहे हैं.

जय शाह ने खेल प्रेमियों को दिया निमंत्रण

वहीं जय शाह ने सोशल साइट ‘एक्स’ पर लिखा, ‘टीम इंडिया की विश्व कप जीत के जश्न में आयोजित ‘विक्ट्री परेड’ में हमारे साथ जुड़िए. चार जुलाई को शाम पांच बजे मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम तक पहुंच कर हमारे साथ जश्न मनाइये. तारीख याद रखिए.’ इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का स्वागत किया. पोस्ट में रोहित ने लिखा ‘हम इस विशेष पल का आनंद आप सभी के साथ लेना चाहते हैं. चलिए इस जीत का जश्न चार जुलाई को शाम पांच बजे के बाद मरीन ड्राइव और वानखेड़े पर ‘विक्ट्री परेड’ के साथ मनाते हैं.’ रोहित ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘घर आ रहे हैं.’

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra