मोदी सरकार को ललकारने वाले TMC सांसद कौन, जिन्होंने चू.. कित..कित.. पर.. साधा निशाना, जमकर लगे सदन में ठहाके ?

लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा का दौर जारी है. वहीं सदन में विपक्षी सांसद लगातार सरकार पर हमलावर हैं. राहुल, अखिलेश के बाद अब ये जिम्मा टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने संभाल लिया है. बीजेपी के 400 पार के नारे पर कल्याण बनर्जी ने मजाकिया अंदाज में बंगाल में खेले जाने वाले कित-कित खेल का जिक्र किया. वहीं बनर्जी द्वारा कित-कित खेल का जिक्र होते ही पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा. सदन में बैठीं उनकी पार्टी की सभी महिला सांसद भी जोर-जोर से हंसने लगीं. इस दौरान उन्होंने लोकसभा स्पीकर को कॉम्पलीमेंट देते हुए सबसे अधिक स्मार्ट स्पीकर भी बता डाला.

चू.. कित.. कित… पर सदन ठहाकों से गूंजा

कल्याण बनर्जी ने कहा, ‘आपने बोला था कि अबकी बार 400 पार. खेल शुरू हो गया था सर. खेल तो बहुत से खेल हैं. चू कित कित भी खेल है. चू 400 में और कित कित कित कित कित…..कितना हुआ 240.’ दरअसल, कल्याण बनर्जी एक बंगाली खेल की बात कर रहे थे, जिसमें एक पैर उठाकर चला जाता है और बोला जाता है चू कित कित. टीएमसी सांसद ने बीजेपी सरकार के चुनावी नारे पर चुटकी लेते हुए पहले अपना हाथ ऊपर उठाया और फिर कित-कित बोलते हुए हाथ नीचे कर लिया. उन्होंने इशारे ही इशारे में ये बताने की कोशिश की कि किस तरह से 400 के दावे वाली सीटें नीचे खिसककर 240 पर सिमट गईं. टीएमसी सासंद कल्याण बनर्जी यहीं नहीं रुके. उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की तरफ देखते हुए आगे कहा, ‘सर हम आपको ही देख रहा है. हम किसी को नहीं देख रहा है. आपसे ज्यादा स्मार्ट इधर कोई जैंटलमैन नहीं है. जो उनको छोड़कर आपको देखेंगे. गुड ऐक्ट्रेस भी आया, लेकिन उनको नहीं, आपको ही देखता है सर. सिर्फ आप. आप ही हैं अंदर में.’

PM विपक्ष की तरफ थोड़े विनम्र हो जाएं’

इस दौरान कल्याण बनर्जी ने पीएम मोदी पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘अहंकार, नफरत और बदले की भावना’ ने उनकी लोकप्रियता को कम कर दिया है. बनर्जी ने कहा, ‘हमने पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री से विपक्ष के लिए कभी कोई नम्रतापूर्ण या मीठे शब्द नहीं सुने. विपक्ष के प्रति उनका रवैया इतना द्वेषपूर्ण क्यों है?’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मुंह से कभी भी गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की तारीफ नहीं सुनने को मिली. कल्याण बनर्जी ने कहा, ‘हमारा अनुरोध है कि प्रधानमंत्री विपक्ष की तरफ थोड़े विनम्र हो जाएं.’

कौन हैं TMC सांसद कल्याण बनर्जी ?

कल्याण बनर्जी का जन्म आसनसोल में हुआ था.बनर्जी के पिता भोलानाथ बनर्जी और मां सिबानी बनर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं. बनर्जी ने बीकॉम करने के बाद एलएलबी की पढ़ाई की है. उन्होंने शुरुआती पढ़ाई बांकुरा समिलानी कॉलेज से की है जबकि एलएलबी, रांची लॉ कॉलेज से किया है. उनकी पत्नी का नाम छबि बनर्जी है और उनके दो बच्चे हैं. कल्याण बनर्जी को पश्चिम बंगाल के बड़े वकीलों में माना जाता है और वो ज्यादातर तृणमूल कांग्रेस के केस लड़ते हैं. 1981 से बनर्जी कलकत्ता हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते रहे हैं. कल्याण बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सबसे पुराने करीबियों में से एक हैं. वो 1998 में तृणमूल कांग्रेस पार्टी की स्थापना के बाद से ही उससे जुड़े हुए हैं.

2001 में बने थे पहली बार विधायक

संसद में आने से पहले 2001 से 2006 तक विधानसभा के सदस्य रहे. पहली बार वो 2001 में आसनसोल उत्तर सीट से विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे लेकिन 2006 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. वो 2007 से 2009 तक टीएमसी के उपाध्यक्ष भी रहे.पार्टी ने 2009 के चुनाव में लोकसभा का टिकट दिया.उन्होंने पार्टी के भरोसे पर खरा उतरते हुए हुगली की सेरामपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए. साल 2024 के चुनाव में सेरामपुर से ही चौथी बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं. इस बार बीजेपी ने कल्याण बनर्जी के खिलाफ उनके पूर्व दामाद कबीर शंकर बोस को ही मैदान में उतार दिया था.

Rishabh Chhabra
Author: Rishabh Chhabra